उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस किला स्टेशन पर अलग सिग्नल केबिन बनाया जा रहा है। वाटर वर्क्स रोड रेलवे फाटक से स्टेशन तक नई सिग्नल केबल बिछाई जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद फाटक को केवल ट्रेन के वास्तविक आवागमन के दौरान ही बंद किया जाएगा, जिससे सड़क यातायात लंबे समय तक प्रभावित नहीं होगा।
वर्तमान में किला रेलवे स्टेशन की सिग्नल प्रणाली हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन से संचालित होती है। किसी भी ट्रेन को किला स्टेशन से गुजरने या क्रॉस कराने से पहले हाथरस जंक्शन से सिग्नल प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। इस कारण सुरक्षा मानकों के तहत किला रेलवे फाटक को काफी पहले बंद कर दिया जाता है।
कई बार ट्रेन के पहुंचने में समय लगने से फाटक आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक बंद रहता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इस फाटक से प्रतिदिन हजारों लोग वाटर वर्क्स रोड, आगरा रोड, नगला चौबे, दाऊजी मेला क्षेत्र, हाथरसी मंदिर और आसपास की कॉलोनियों के बीच आवागमन करते हैं।
स्कूली वाहन, एंबुलेंस, रोडवेज बसें, मालवाहक वाहन और दैनिक यात्रियों को लंबे समय तक फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता है। कई बार लोग वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेने पर मजबूर हो जाते हैं। इस समस्या के निदान के लिए किला रेलवे स्टेशन के लिए स्वतंत्र सिग्नल प्रणाली विकसित की जा रही है। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार स्टेशनों को विकसित किया जा रहा है।
तकनीकी कार्य भी जल्द होगा शुरू
परियोजना के तहत वाटर वर्क्स रोड रेलवे फाटक से किला रेलवे स्टेशन तक केबल बिछाने का कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। इसके लिए रेलवे की इंजीनियरिंग और सिग्नल एवं दूरसंचार शाखा संयुक्त रूप से कार्य करेगी। केबल बिछने के बाद सिग्नल उपकरणों का परीक्षण किया जाएगा और सफल ट्रायल के बाद नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
नई सिग्नल प्रणाली शुरू होने के बाद ट्रेन गुजरने से ठीक पहले ही फाटक बंद होगा और ट्रेन निकलते ही कुछ ही मिनट में खोल दिया जाएगा। इससे जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होगी, ईंधन की बचत होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।
अभी क्यों लगता है लंबा जाम
-किला स्टेशन के सिग्नल का संचालन हाथरस जंक्शन से होता है।
-सिग्नल प्रक्रिया पूरी होने तक रेलवे फाटक बंद रखना पड़ता है।
-कई बार ट्रेन के पहुंचने में देरी होने से फाटक 30 मिनट से एक घंटे तक बंद रहता है।
-इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।