सीडीओ को ज्ञापन देते ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम प्रधान। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Self
हाथरस। पंचायत सचिव संत कुमार व पशुधन प्रसार अधिकारी दिनेश पाल सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के विरोध में बृहस्पतिवार को विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने एफआईआर निरस्त करने का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया।
धरने में ग्राम प्रधान संघ, पशुचिकित्सा संवर्ग, ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी संवर्ग सहित जिले के समस्त कार्मिक शामिल हुए। वक्ताओं ने मांग रखी कि संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध मनमाने ढंग से दर्ज कराई गई एफआईआर को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
वक्ताओं ने पंचम वित्त आयोग से ग्राम पंचायतों की तरह ही क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत से भी 15 प्रतिशत की राशि गोशालाओं में हस्तांतरित किए जाने, एआई जनित फर्जी वीडियो/फोटोग्राफ से झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, गोशालाओं में पर्याप्त दवाएं और प्रत्येक गोशालाओं पर कैटल कस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि दोपहर तीन बजे के बाद कोई बैठक नहीं बुलाई जाए और बैठकों की समाप्ति का समय अधिकतम शाम पांच बजे तक रखा जाए। मौके पर अखिल भारतीय प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धर्मवीर सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष रवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।