किसान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल डीएम। स्रोत : सूचना विभाग
- फोटो : Samvad
विकास भवन सभागार में डीएम अर्चना वर्मा की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसानों ने फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने का दुखड़ा रोया। डीएम ने विद्युत अधिकारियों को रोस्टर के अनुरूप नलकूपों के लिए विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जैविक विधि से फसलों को तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को जिले में संचालित कोल्ड स्टोर संचालकों एवं आलू फसल उत्पादन करने वाले किसानों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए, जिससे आलू भंडारण के समय किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। डीएम ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं और अनुदान राशि के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
किसानों ने ग्राम पंचायत नगला इमलिया में सफाई कर्मचारी न आने, ग्राम पंचायत नगला विजन में ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जा होने, कृषकों के लिए जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन न किए जाने, ग्राम पंचायत जलालपुर में जल निगम द्वारा पानी के पाइप बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न किए जाने, जलभराव की समस्या की शिकायत की। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौका मुआयना कर इन समस्याओं का गुणवत्ता के साथ निस्तारण कराएं और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।