जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाशकृष्ण सिंह ने बुधवार को मुरसान के जीएसएएस इंटर कॉलेज में आयोजित महिला मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान ‘आओ चलें बूथ की ओर’ का विधिवत शुभारंभ किया।
उन्होंने जनमत के लिए ज्यादा लोगों के प्रतिनिधित्व के महत्व पर जोर देते हुए लोकतंत्र के उत्सव में बढ़-चढ़कर भागेदारी करने के लिए लोगों का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर मतदान करने की शपथ ली।
जीएसएएस इंटर कॉलेज मुरसान में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित महिला मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ कर डीएम ने निर्वाचन को लोकतंत्र का महापर्व बताते हुए जिले में प्रत्येक मतदाता द्वारा मताधिकार का प्रयोग करने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागिता करने वाले लोगों को भाग्यशाली बताया। उन्होंने मताधिकार का प्रयोग नहीं करना संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन के प्रतिकूल बताया और कहा कि जब सभी लोग वोट नहीं डालेंगे तो सही प्रत्याशी का चयन नहीं हो सकेगा।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद आशा कार्यकत्री, प्रेरक, आंगनबाड़ी सहायिका और शिक्षकों आदि से कहा कि वे अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर गठित बूथ अवेयरनेस ग्रुप में सक्रिय सहयोग देकर पिछले चुनाव में वोट नहीं डालने वाले चिह्नित लोगों को 11 फरवरी को पोलिंग बूथ पहुंचकर वोट डालने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास खंड में बेहतर कार्य करने वाले तीन बूथ अवेयरनेस ग्रुपों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। डीआईओएस जेके मलिक ने स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित महिला मतदाताओं को विशेष जागरूकता अभियान ‘आओ चलें बूथ की ओर’ के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में डीआईओ यतीशचंद्र गुप्ता, प्रधानाचार्य सरजू व्यास, ओमवीर सिंह, बडी तादाद में शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।