सोमवार की शाम नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित ओम बाबा मंदिर के पास दो मनचलों ने छात्राओं से छेड़खानी कर दी। छात्राओं के परिजनों ने मनचलों की पिटाई करते हुए उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
मंदिर के पास एक कोचिंग सेंटर में छात्राएं पढ़ने आती हैं। आरोप है कि मोहल्ला नोरंगाबाद के दो युवक बीते तीन दिन से उन्हें परेशान कर रहे हैं। इसके बारे में उन्होंने अपने घरवालों को बताया। सोमवार की शाम जैसे ही छात्राएं कोचिंग से बाहर निकलीं तो दोनों मनचलों ने फिर से फुब्तियां कसना और छेड़खानी शुरू कर दी। मोहल्ले वालों की मदद से छात्राओं के अभिवावकों ने दोनों को पकड़ लिया। लोगों ने उनकी जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस को इस मामले में तहरीर नहीं मिली थी। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार राठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।