कस्बा के मोहल्ला मढ़ैया में शादी के दो दिन बाद एक महिला घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी लेकर फरार हो गई। परिजनों ने पुलिस से महिला को खोजने की गुहार लगाई है।
राकेश कुमार निवासी किला मढ़ैया का कहना है एक हफ्ते पहले उनके भाई रामदास की मुलाकात इगलास के गांव असरोई निवासी युवक से हुई थी। युवक ने रामदास को बताया कि उसकी जान पहचान की एक युवती है, जिससे वह उनकी शादी करवा देंगे। दूसरे दिन असरोई निवासी युवक मुरसान के गांव रतिमानगढ़ी निवासी अपने दोस्त के साथ उसके घर पर आया और कहा कि लड़की पक्ष गरीब है, शादी में करीब एक लाख रुपये का खर्चा उन्हें ही करा होगा।
राकेश ने बताया कि उनकी बात से सहमत होकर उन्होंने 61 हजार रुपये फोन पे से ऑनलाइन और 39 हजार रुपये नकद दे दिए। रुपये देने के बाद 27 फरवरी को बदायूं जिले के गांव गढ़ी उझानी निवासी युवती से रामदास की शादी बौहरे वाली देवी मंदिर में कराई गई। दो दिन तक तो रामदास की पत्नी घर पर रही। एक मार्च की रात करीब ती बजे मौका पाकर वह घर की अलमारी में रखे एक पेंडल, एक अंगूठी, पायजेब, 27 हजार रुपये नकद व एक मोबाइल लेकर चली गई। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।