कुएं का पानी पीकर बीमार होने का दावा करने वाला युवक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। सिकंदरपुर के कुएं के पानी से रोग ठीक होने का दावा भले ही कुछ लोग कर रहे हों लेकिन खंदारी गढ़ी निवासी आशीष कुमार ने जब पानी पीकर सेहत दुरुस्त करने की कोशिश की तो उनकी हालत बिगड़ गई।
आशीष कुमार ने बताया कि उनको रातभर पेट में दर्द रहा और अगले दिन सुबह मंगलवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। यहां उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य हो गई। आशीष ने बताया कि वह जहां नौकरी करते हैं, वहां के फर्म स्वामी ने उन्हें कुएं पर साथ चलने को कहा था। सोमवार शाम को वह कुएं पर पहुंचे और स्नान किया। इसी दौरान उन्होंने कुएं के पानी को पी लिया। आशीष ने बताया कि इसके बाद से ही हल्का पेट दर्द उन्हें शुरू हो गया जो रात में तेज हो गया। ऐसा नहीं कि केवल आशीष की तबियत ही पानी पीने के कारण बिगड़ी, हाथरस जंक्शन क्षेत्र के पांच और लोगों की तबियत खराब होने की जानकारी मिली है।