बिसावर के दीया हॉस्पिटल में 17 जुलाई को मरीज व उसके तीमारदारों को शटर बंद कर पीटा गया, जिससे वह घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर मंगलवार को कोतवाली में हॉस्पिटल मालिक सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गांव नगला बक्सा निवासी लक्ष्मी देवी ने डॉ. सतेंद्र व जीतेश निवासी टीकैत, आकाश निवासी बिसावर, हरिओम व अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि 17 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे उनके पति भूपेंद्र का एक्सीडेंट मथुरा रोड पर विधिपुर पुल व पेट्रोल पंप के पास हो गया था, जिससे उनके पति को काफी चोटें आईं थीं।
इलाज कराने के लिए भूपेंद्र ने अपने चचेरे भाई सचिन को फोन कर बुलाया। सचिन पास में ही मौजूद दीया हॉस्पिटल में उनके पति को ले गए। वहां उपस्थित कंपाउंडर ने उनके पति का अस्पताल में ही एक्स-रे कराने के लिए कहा और पांच हजार रुपये जमा कराने की बात कही। सचिन ने कहा कि आप इलाज शुरू कीजिए, वह अभी घर से मंगाकर रुपये दे देंगे।
आरोप है कि इतना कहते ही हॉस्पिटल मालिक सतेंद्र व अन्य नामजदों ने गाली-गलौज करते हुए उनके पति भूपेंद्र व देवर सचिन को लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। एक्सीडेंट की खबर सुनकर सहायता के लिए आए उनके परिवार के दिगंबर सिंह, तेज सिंह, भारत सिंह को भी आरोपियों ने हॉस्पिटल का शटर बंद कर बुरी तरह पीटा।
बीच बचाव के दौरान उनको भी पीटा और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। डॉ. सतेंद्र ने गालियां देते हुए कहा कि यहां से भाग जाओ, नहीं तो जान से मार दूंगा। सीओ अमित पाठक का कहना है कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में छानबीन की जा रही है।