सूअर के हमले के बाद दहशत में बालक असद व दादी असगरी।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के मोहल्ला बालापट्टी में सूअरों के आतंक से लोग भयभीत हैं। घर के चबूतरे पर अपनी दादी की गोद में बैठे तीन साल के बालक को सूअर जबरन खींचकर ले गया। सूअर लगभग 100 कदम की दूरी तक बालक को खींचता हुआ जब ले जा रहा था तो वहां शोर-शराबा हो गया। बालक के मुंह, सिर और पीठ में चोटें आई हैं।
लोगों में काफी गुस्सा नजर आया। इस मामले की पुलिस से भी शिकायत की गई है। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला बालापट्टी में बुधवार की सुबह असगरी देवी अपने तीन साल के नाती असद पुत्र आस मोहम्मद को गोद में लेकर चबूतरे पर खिला रही थीं। तभी अचानक सूअर आया और हमला बोलते हुए गोद में बैठे बालक को खींच लिया।
वृद्धा ने शोर मचाया, लेकिन सूअर बालक को खींचता हुआ लगभग सौ कदम तक ले गया। स्थानीय लोगों ने सुअर र्में इंट-पत्थर और शोर-शराबा कर बच्चे को छुड़ाया। सुअर के हमले से बालक के मुंह, पीठ और पैर में चोट आई है। पैर पर दांत के निशान भी बन गए। लोगों का कहना था कि जानवरों को ऐसे ही खुला छोड़ दिया जाता हैं।
पहले भी बालापट्टी में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। यह दूसरा मौका है, जब जानवर ने बच्चे पर हमला किया है। घायल बच्चे को लेकर परिवार और क्षेत्र के लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस से इसकी शिकायत की। इस मामले में देर रात घायल के बच्चे के पिता ने सूअर पालक के खिलाफ कोतवाली सदर में मुकदमा भी दर्ज करा दिया।
नगर पालिका को इस संबंध में नोटिस दिया जाएगा और उनसे कहा जाएगा कि वह सड़कों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले आवारा जानवरों की रोकथाम का इंतजाम करें, जिससे भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
-केशव चौधरी, एसपी हाथरस