हाथरस। आभूषण खरीदते समय अक्सर ग्राहक कैरेट, शुद्धता और मेकिंग चार्ज के गणित में उलझ जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शुद्ध 24 कैरेट सोने से सीधे गहने तैयार नहीं किए जा सकते, क्योंकि यह बेहद मुलायम होता है। मजबूती और टिकाऊपन देने के लिए 24 कैरेट सोने में तांबा या चांदी जैसी धातुएं मिलाकर 22, 20, 18 अथवा 14 कैरेट के आभूषण ढाले जाते हैं।
ऐसे में बिलिंग कराते समय उपभोक्ताओं को शुद्धता और उसकी गणना की पूरी जानकारी होना बेहद जरूरी है। सराफा कारोबार में आभूषणों के मूल्य का निर्धारण हमेशा 24 कैरेट यानि शुद्ध सोने के तात्कालिक बाजार भाव के आधार पर ही किया जाता है।
यदि आप 22 कैरेट (916 हॉलमार्क) का आभूषण खरीद रहे हैं, तो उसमें 24 कैरेट के मौजूदा भाव का 91.60 फीसदी दाम ही सोने के मद में लिया जाता है, यानी शुद्धता के आधार पर सीधे 8.4 फीसदी की कमी हो जाती है। इसी प्रकार 20 कैरेट के जेवर पर 83.33 फीसदी दाम लिए जाते हैं, जिसमें से 16.67 फीसदी की कटौती होती है। वहीं 18 कैरेट के आभूषणों में 75 फीसदी यानि 25 फीसदी कम और 14 कैरेट के आभूषणों पर 58.5 फीसदी ही सोने की कीमत वसूली जाती है।
मेकिंग चार्ज, जीएसटी और बिस्कुट चार्ज को भी समझें
सोने के आभूषणों पर शुद्धता के हिसाब से तय दाम के ऊपर ज्वेलर्स द्वारा नक्काशी व कारीगरी के अनुसार अमूमन 10 फीसदी मेकिंग चार्ज लिया जाता है। इसके पश्चात कुल योग पर तीन फीसदी जीएसटी देय होता है। अगर कोई ग्राहक निवेश के उद्देश्य से 24 कैरेट सोने का 10 ग्राम का बिस्कुट खरीदता है, तो उस पर रिफाइनरी और पैकेजिंग का लगभग 1000 से 1200 रुपये तक अतिरिक्त चार्ज लिया जाता है। सरकारी मानकों के अनुरूप हॉलमार्किंग के लिए कोई भी दुकानदार अलग से अतिरिक्त शुल्क नहीं जोड़ता है।
हॉलमार्क देखकर ही करें खरीदारी
24 कैरेट सोना काफी नरम होता है, इसलिए आभूषण हमेशा 22 या 18 कैरेट में ही तैयार होते हैं। बिल बनवाते समय ग्राहक यह जरूर देखें कि जिस कैरेट का गहना है, उसी अनुपात में 24 कैरेट के भाव से कटौती की गई हो। हॉलमार्किंग के लिए कोई अलग से शुल्क नहीं होता।
-अर्पित अग्रवाल, ज्वेलर्स।
जब भी आभूषण खरीदें, उस दिन के 24 कैरेट के भाव को समझें। 18 कैरेट या 22 कैरेट के जेवर में शुद्धता के अनुसार दाम अपने आप कम हो जाते हैं। ग्राहकों को हमेशा पक्का बिल लेना चाहिए, जिसमें सोने का वजन, कैरेट के अनुसार शुद्धता, मेकिंग चार्ज और तीन फीसदी जीएसटी स्पष्ट रूप से दर्ज हो।
-सुधीर जैन, ज्वेलर्स।