संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद कस्बे के मथुरा रोड पर शनिवार की तड़के बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक कैंटर में आग लग गई। इससे कैंटर में हाईवॉल्टेज करंट दौड़ गया। इससे कैंटर के टायर धूं धूं कर जल गए। कैंटर के चालक ने जैसे तैसे कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, गांव मंस्या निवासी योगेंद्र पुत्र गजाधर सिंह कैंटर को चलाकर कहीं खड़ा करने ले जा रहा था, तो इसी दौरान कैंटर मथुरा रोड पर हाइटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, इससे कैंटर में हाई वॉल्टेज करंट दौड़ गया। करंट से कैंटर के आगे व पीछे के टायर जल गए।
किसी तरह कैंटर चालक ने कैंटर से निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं कैंटर में कुछ होता तो हादसा बड़ा हो सकता था। सूचना पर मौके पर बिजली कर्मी भी पहुंच गए और किसी तरह कैंटर से विद्युत तारों को अलग किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्युत तार काफी नीचे तक लटके हुए हैं।