दूसरे नंबर की कुश्ती में जोर-आजमाइश करते पहलवान। संवाद
- फोटो : Samvad
मेला श्रीदाऊजी महाराज के अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के पांचवें दिन मंगलवार को 130 से अधिक छोटी-बड़ी कुश्तियां हुईं। सबसे बड़ी चार लाख 11 हजार रुपये इनाम की कुश्ती भारत केसरी अजय पहलवान लखवास, सोहना हरियाणा और भारत केसरी मोनू कुरालिया दिल्ली के बीच हुई। कश्मकश के बाद मुकाबला बराबरी पर छूटा।
दंगल की दूसरी सबसे बड़ी 3 लाख 11 हजार रुपये इनाम की कुश्ती भारत केसरी मोहित फोगाट हरियाणा और मनजीत खत्री पंजाब के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने काफी देर तक एक-दूसरे को कड़े दांव-पेच में उलझाए रखा। मुकाबला देखने के लिए दर्शक बड़ी संख्या में अखाड़े के आसपास जुटे रहे। आखिरकार मोहित फोगाट ने मनजीत खत्री को शिकस्त दी।
इससे पहले 1 लाख 51 हजार रुपये की कुश्ती भारत केसरी देवा पहलवान भूतेश्वर मथुरा और रोहित पहलवान हरियाणा के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने लंबे समय तक जोर आजमाइश की, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। 21 हजार रुपये की कुश्ती में विशाल पहलवान दिल्ली और सौरभ लीलू पहलवान झज्जर हरियाणा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सौरभ लीलू ने जीत दर्ज की।
इसी इनामी वर्ग में गौरव पहलवान दिल्ली और भारत पहलवान रोहतक और पोप सिंह पहलवान अखाड़ा बद्री पहलवान दिल्ली व धीरज पहलवान नयाबांस के बीच मुकाबले बराबरी पर छूटे। 11 हजार रुपये की कुश्ती में अनुज पहलवान दिल्ली व विशाल अवार राजस्थान और अंकित पहलवान झरिया व भूपेंद्र पहलवान भूतेश्वर मथुरा के बीच मुकाबले बराबर रहे।
दंगल में क्षेत्रीय पहलवानों को भी देश के विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों के साथ मुकाबला करने का अवसर दिया गया। दंगल की व्यवस्था संयोजक विपुल गौड़ और अध्यक्ष संतोष शर्मा ने संभाली। विशेष सहयोग विकास भारद्वाज, सौरभ शर्मा, सुभाष उपाध्याय आदि का रहा। दंगल के रेफरी मुकेश पहलवान, तरुण पहलवान, नवल उस्ताद और एनआई कोच तेजबहादुर संभाल रहे। कमेंट्री कुंजबिहारी शर्मा, पूर्व दंगल संयोजक डॉ. प्रशांत शर्मा, सुनील बेनवाल और सचिन पहलवान कर रहे हैं।