कैलोरा बरवाना से पुन्नेर मार्ग पर स्थित वर्षों पुरानी जर्जर हो चुकी पुलिया का अब 54 लाख रुपये की लागत से नवनिर्माण कराया जाएगा। इस पुलिया के बनने से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
वर्तमान में इस मार्ग पर बनी संकरी और क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। भारी व बड़े वाहनों के निकलने के दौरान पुलिया पर जाम की स्थिति बन जाती है और कई बार कृषि उपज ले जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली व स्कूल वाहन जोखिम उठाकर यहां से गुजरते हैं।
ग्रामीण लंबे समय से पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं। विभागीय योजना के तहत नई पुलिया का निर्माण अत्याधुनिक दो सेल के बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से किया जाएगा। इससे न केवल पुलिया की भार वहन करने क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी, बल्कि इसकी चौड़ाई भी पर्याप्त होगी। इससे आमने-सामने से आने वाले दो बड़े वाहन भी बिना किसी रुकावट के एक साथ आसानी से निकल सकेंगे और जल निकासी भी सुचारू रूप से हो सकेगी।
इस पुलिया के निर्माण से कैलोरा, बरवाना, पुन्नेर सहित आसपास के 10 से अधिक गांवों के हजारों लोगों का रोजाना का सफर सुलभ हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि परियोजना के लिए वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद मौके पर निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।