मुरसान नगर पंचायत में ईओ सुरेश कुमार से युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते सफाई कर्मचारी। संव
- फोटो : samvad
नगर पंचायत के दो कर्मचारियों के बीच मंगलवार की सुबह आपस में गाली-गलौज हो गई। इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने सफाई कार्य ठप कर दिया और कोतवाली पहुंचकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय पर पहुंचकर अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार से ठेका कर्मी की शिकायत की।
सफाई कर्मियों ने ईओ को बताया कि ठेके पर काम करने वाला युवक आए-दिन उनके साथ अभद्र व्यवहार कर अपने आप को अधिकारी समझकर कार्य बताता रहता है। वह आए-दिन जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करता रहता है। उसके द्वारा बताए गए कार्य को न करने पर वह अभद्र व्यवहार करने लगता है।
मंगलवार को युवक ने नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार किया। सफाई कर्मचारियों ने ठेके पर काम करने युवक को हटाने की मांग की। नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह व ईओ ने दोनों पक्षों को नगर पंचायत कार्यालय में आमने-सामने बिठाकर उनको गलती का अहसास कराया और समझौता करा दिया। संवाद