रविवार की सुबह चार बजे शहर के हलवाई खाना में बंच कंडक्टर लाइन में आग लग गई और इससे हलवाई खाना और मुख्य बाजारों में बिजली गुल हो गई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद नई लाइन डालकर बिजली चालू की गई। इस दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार सुबह फाल्ट के कारण हलवाई खाना, सराफा बाजार, घंटाघर, आदि इलाकों में बिजली गुल हो गई। इसका असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा और लोगों को लोगों को पीने के पानी तक के लिए इधर उधर भटकना पड़ा। छह घंटे की मशक्कत के बाद नई लाइन डाली गई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। रामकुमार शर्मा ने बताया कि सुबह से बिजली गायब होने के कारण काफी परेशानी हुई। कामकाज प्रभावित हुआ है।
बिजली विभाग लाइनों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दे रहा है। इस कारण आए दिन बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। श्याम सुंदर वार्ष्णेय का कहना है कि कभी रात में तो कभी दिन में बिजली गुल होना रोज की समस्या बन गई है। मनोज कुमार का कहना है कि ।बिजली विभाग ने गर्मियों को ध्यान में रखते हुए लाइनों की मरम्मत नहीं की। इस कारण आए दिन फॉल्ट हो रहे हैं। इस कारण पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।