चेन छीनने की घटना के बारे में बताती पीड़ित महिला
- फोटो : अमर उजाला
मुरसान रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बाइक सवार हथियारबंद बदमाश एक महिला के गले से चेन खींचकर फरार हो गए। महिला बेटी के साथ बाजार में खरीदारी के लिए जा रही थी। पुलिस ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन वे फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
बदमाश जिस बाइक पर सवार थे उस पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। टीकम नगर की रहने वाली रेनू बघेल पत्नी दिनेश बघेल रविवार को अपनी बेटी के साथ बाजार में खरीदारी के लिए जा रही थी। मुरसान रोड पर स्वास्थ्य केंद्र के गेट के सामने बाइक सवार तीन युवक पहले से खड़े थे।
रेनू बघेल जैसे ही बेटी के साथ वहां पहुंची बाइक से उतर कर एक युवक ने महिला के गले पर हाथ मारा। बेटी ने बाइक सवार बदमाश का विरोध भी किया। छीना झपटी के दौरान बदमाश ने महिला को जमीन पर गिरा दिया और तमंचे की बट से उसके सिर पर प्रहार कर गले से चेन खींच ली।
निकट से एक युवक महिला की मदद के लिए भी भागा, लेकिन बाइक सवार एक अन्य बदमाश ने बाइक से उतर कर युवक को तमंचा दिखाकर भगा दिया। चेन खींचकर बदमाश मुरसान की तरफ भाग निकले। घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने काफी दूर तक मुरसान मार्ग पर बदमाशों का पीछा भी किया। लेकिन वे फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आसपास दुकानदारों से पूछताछ करने के अलावा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला है। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले बाइक सवार बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।