शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस। संवाद
- फोटो : Samvad
कोतवाली सासनी क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव गंगा धाम कॉलोनी में खंडहर हुए एक मकान में फेंक दिया गया। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे और शव सड़-गल चुका था। उसकी जेब से एटा के एक युवक किशन कुमार का आधार कार्ड मिला है, लेकिन परिजनों ने शव उसका होने से इन्कार किया है।
इगलास रोड स्थित गंगा धाम कॉलोनी के निकट एक खंडहर में सोमवार की दोपहर को युवक (35) का शव मिला, उसके सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव यहां लाकर फेंका गया। मृतक की जेब से किशन कुमार पुत्र कालीचरण निवासी मोहल्ला महमूदगंज थाना मारहरा जिला एटा का आधार कार्ड मिला है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देर शाम मारहरा से मोर्चरी पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि किशनकुमार हाथरस में मेंडू रोड पर एक दर्जी की दुकान में करता था, कुछ महीने पहले उसने काम छोड़ दिया था। करीब एक पखवाड़े पहले वह गांव बाण हाथरस में अपनी बहन के पास पहुंचा था और तीन दिन वहां रुका था, उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है।
बाद में पुलिस ने शव की पहचान कराई तो उन्होंने शव किशन कुमार का होने से इन्कार कर दिया। माना जा रहा है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए उसका आधार कार्ड मृतक की जेब में डाला गया था। सासनी में बीते छह दिन में यह दूसरा शव मिला है। इससे पहले बीते बुधवार को गांव लुटसान में एक महिला का शव मिला था, उसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
-युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने शव की पहचान नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है। -राम प्रवेश राय, सीओ सिटी।