21 सितंबर से शुरु होने वाले बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज की तैयारियों का शुक्रवार को तहसील सभागार में बैठक कर खाका खींचा जाएगा। बैठक में मेले के आयोजन से संंबंधित व्यवस्थाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों से कार्ययोजना ली जाएगी। दो सितंबर को शाम छह बजे मेला का ठेका उठाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बृज क्षेत्र में खासे लोकप्रिय इस मेले में सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रहती। अखिल भारतीय कुश्ती दंगल मेले का खास आकर्षण होता है। दंगल के अखाड़े में भारत केसरी और हिंद केसरी जोर-आजमाइश करते हैं।
मेला के शुभारंभ में 21 दिन ही शेष रह गए हैं, इसलिए अब प्रशासन ने मेले की तैयारियों को तेज कर दिया है। एक सितंबर को तहसील सभागार में बैठक होगी, जिसमें मेले के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी अधिकारी व कर्मचारी हिस्सा लेंगे। इस मौके पर मेले में होने वाले कार्यक्रमों के संयोजकों आवेदन लेने की तिथि भी तय की जाएगी।