क्षेत्र के गांव सिंघर्र में एसआईआर अभियान के दौरान महिला बीएलओ ने बुधवार को मारपीट का आरोप लगाया है।
गांव सिंघर्र निवासी बीएलओ राना नफीस ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि उन्हें पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या 20 पर बीएलओ बनाया गया है। तहसील के अधिकारियों के निर्देशानुसार वह मतदाता सूची बूथ पर पढ़कर सुनाने के लिए गईं थीं।
वहां जगभान व राजेंद्र बूथ पर आए और अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। आरोपी बिना किसी आईडी के वोट बढ़वाने का दबाब बना रहे थे। तभी प्रधान पति कन्हैया ने अभद्रता करने से मना किया तो आरोपियों ने प्रधान पति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
वहां मौजूद स्टाफ ने उन दोनों को बचाया। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद