रेलवे ने गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि एक बार फिर बढ़ा दी है। अब यह ट्रेन गांधीधाम से तीन से 31 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार और भागलपुर से छह जुलाई से तीन अगस्त तक प्रत्येक सोमवार संचालित होगी। इससे हाथरस सिटी स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तरह सीधी रेल सुविधा मिलती रहेगी।
भागलपुर-गांधीधाम एक्सप्रेस का हाथरस सिटी स्टेशन पर दोनों दिशाओं में दो-दो मिनट का ठहराव है। रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रत्येक फेरे में हाथरस से औसतन 30 से 40 यात्री आरक्षित श्रेणी में इस ट्रेन से यात्रा करते हैं। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और गुजरात की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी सुविधाजनक मानी जाती है।
हाथरस के यात्रियों को उम्मीद है कि भविष्य में इसे नियमित ट्रेन के रूप में संचालित किया जा सकता है। व्यापार, नौकरी और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन एक महत्वपूर्ण विकल्प बन चुकी है। गांधीधाम से चलने वाली ट्रेन दूसरे दिन शाम 4:57 बजे हाथरस सिटी स्टेशन पहुंचेगी, जबकि भागलपुर से आने वाली ट्रेन दूसरे दिन सुबह 7:06 बजे हाथरस सिटी स्टेशन पहुंचेगी।
परिवर्तित मार्ग से चलेगी ट्रेन
पीआरओ इज्जतनगर मंडल सफदर हुसैन ने बताया कि लखनऊ स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा लिए गए ब्लॉक के कारण इस ट्रेन का ठहराव लखनऊ, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, बगहा, हरिनगर, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी और चकिया स्टेशनों पर नहीं रहेगा। इसके स्थान पर ट्रेन फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी जंक्शन, औड़िहार, गाजीपुर सिटी, छपरा और हाजीपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।