हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट के गांव सुरंगपुरा की महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर बैंक मैनेजर के साथ मिलकर लोन कराकर 6.65 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
सुरंगपुरा निवासी सुमन ने बताया कि उनके गांव के ही युवक ने केनरा बैंक से लोन कराने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि अप्रैल में युवक उन्हें बैंक ले गया और कई कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। उसने कहा कि 6,65,000 रुपये का लोन एक-दो दिन में मंजूर होकर खाते में आ जाएगा।
महिला के अनुसार तय समय बाद भी लोन की रकम उनके खाते में नहीं आई। इसके बाद मई 2026 में उनके फोन पर कॉल आई, जिसमें व्यक्ति ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए लोन की किस्त जमा न करने की बात कही। महिला ने अपने पति कन्हैयालाल को इस बारे में बताया, जिसके बाद वे लोग बैंक पहुंचे। महिला का आरोप है कि बैंक प्रबंधक ने उन्हें धमकाया और कहा कि खाते में रकम पहुंची है और निकाल ली गई। किस्त जमा न करने पर घर नीलाम कर लिया जाएगा।
महिला का आरोप है कि लोन की राशि फर्जी तरीके से पहचान वाले व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कराकर हड़प ली गई है। आरोप है कि दो अगस्त की सुबह करीब 11 बजे जब वे पति के साथ आरोपी युवक के घर पहुंचे तो वहां अभद्रता की और धमकाया। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने के बाद पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है। सीओ सिटी डीके सिंह ने बताया कि प्रकरण की जानकारी कर जांच कराई जाएगी।