वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में विद्युत वितरण खंड तृतीय में तैनात एक टीजीटू (टेक्निशियन ग्रेड-2) को एक्सईएन ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई एक्सईएन ने टीजीटू को प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर की है।
एक्सईएन तृतीय खंड अखिलेश कुमार ने बताया कि यह टीजीटू महौ बिजलीघर पर कैशियर के रूप में तैनात था। नियम है कि बिजलीघर पर उपभोक्ताओं से आने वाला पैसा उसी दिन जमा कराया जाए, लेकिन यह टीजीटू विभागीय पैसा अपने पास होल्ड करके रखता था। उपभोक्ताओं से आने वाले पूरे पैसे को जमा नहीं करता था।
चार माह के करीब पांच लाख रुपयों को इस टीजीटू ने होल्ड कर रखा था। जब इस मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई तो यह टीजीटू प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितता का दोषी निकला है। पूरे मामले की जांच के लिए एक जांच समिति बनाई गई है। कितना राजस्व गबन किया गया है, यह तो जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल, जांच समिति की जांच पूरी होने का इंतजार है।