हाथरस। जिले में दो फरवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) होनी है। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। परीक्षा कराने के लिए पहली पाली के लिए दो जोनल मजिस्ट्रेट, तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट और दूसरी पाली के लिए एक जोनल मजिस्ट्रेट, दो सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षा के दौरान मोबाइल या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के दौरान क्षेत्र की समस्त फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। कुल 7,371 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
सुबह की पाली में 4,842 और शाम की पाली में 2,529 परीक्षार्थी भाग लेंगे। सोमवार को कलेक्ट्रेट में शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के संबंध में हुई अहम बैठक में डीएम शमीम अहमद खान ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। परीक्षा को नकलविहीन कराने पर जोर देते हुए केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, पर्यवेक्षक एवं सचल दस्ता आदि की तैनाती के साथ परीक्षा केंद्रों पर समय से सभी जरूरी बंदोबस्त सुनिश्चित करने के बारे में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रारंभ होने के 10 मिनट के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।एसपी डॉ. एस. चन्नप्पा ने सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर पुलिस बल परीक्षा केंद्र स्टाफ के द्वारा सभी परीक्षार्थियों की तलाशी लिए जाने के बारे में समुचित निर्देश दिए। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिस कर्मी परीक्षा केंद्र की महिला स्टाफ द्वारा ही ली जाएगी। समूचे क्षेत्र में निषेधाज्ञा के तहत धारा 144 का सख्तीपूर्वक अनुपालन सुनिश्चित होगा।
बैठक में एडीएम डीपी सिंह, एएसपी अजय शंकर राय, एसडीएम केहरी सिंह, वैभव मिश्रा,एनपी पाण्डे, केपी सिंह, प्राचार्य डायट डॉ. हरवंश सिंह, प्राचार्य एमजी पॉलीटेक्नीक मुकेश कुमार, डीआईओएस जेके मलिक, बीएसए देवेंद्र गुप्ता के अलावा परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य भी मौजूद थे।