गांव गदाई में हुई बैठक में दोनों पक्षों के लोगों को समझाते एसडीएम सदर व सीओ
- फोटो : संवाद
हाथरस के गांव गदाई में सोमवार को दिवाकर समाज के कांवड़ियों को जलाभिषेक करने से रोकने पर हुए बवाल के बाद बुधवार को गांव में तनावपूर्ण खामोशी पसरी रही। प्रशासनिक अधिकारी गांव की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। एहतियातन पुलिस बल गांव में तैनात रहा। पुलिस ने दिवाकर समाज के लोगों के घरों पर लिखी बिकाऊ है, की लिखावट को मिटवा दिया, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से दिवाकर समाज के लोगों में नाराजगी है।
बता दें कि मुरसान क्षेत्र के गांव गदाई में सोमवार को दिवाकर समाज के युवक डाक कांवड़ लेकर आए थे। गांव के शिव मंदिर पर युवक अपने परिजनों के साथ जलाभिषेक करने पहुंच गए। इस दौरान गांव के दूसरी जाति के कुछ लोग वहां आ गए और दिवाकर समाज के लोगों को डाक कांवड़ चढ़ाने से रोक दिया।
इसे लेकर गांव के मंदिर परिसर पर काफी देर तक हंगामा हुआ। दोनों पक्ष के लोगों में नोकझोंक होने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया था। दिवाकर समाज के लोगों का आरोप है के दूसरी जाति के लोगों ने उन्हें गांव के शिव मंदिर पर कांवड़ नहीं चढ़ाने दी, इसलिए वह दूसरे गांव में कांवड़ चढ़ाने जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस के कहने पर दिवाकर समाज के लोग गांव वापस लौटे और पुलिस की मौजूदगी में गांव के ही शिव मंदिर पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद से ही दूसरी जाति के लोग भड़के हुए हैं। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद आरोपी पक्ष ने दिवाकर समाज के लोगों से गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्द कहे। उनके घरों पर हमला बोल दिया।
उनको घरों में जिंदा जलाने और सड़क किनारे रहने वाले समाज के लोगों को वाहनों से कुचलवाने की धमकी दी गई। मंगलवार को इस संबंध में पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई न होने पर दिवाकर समाज के लोगों ने अपने घर और जमीन बेचकर गांव छोड़ने का एलान कर दिया था। घरों पर बिकाऊ है लिख दिया था। जानकारी होने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी गांव पहुंच गए थे और समाज के लोगों को समझाया। पुलिस के समझाने पर कुछ लोगों ने तो अपने घरों के बाहर से बिकाऊ है मिटवा दिया, लेकिन कुछ घरों पर अभी भी यह लिखावट बनी हुई है।
सीओ सादाबाद गोपाल सिंह के समझाने के बाद बुधवार को दिवाकर समाज के लोग उनसे मिलने पहुंचे। इन लोगों ने मांग की कि गांव में दूसरी जाति के लोगों ने हमें शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने से रोका था। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए।
गांव में शांति का माहौल है। दोनों पक्षों के लोगों को बिठाकर बैठक भी की गई है। मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -गोपाल सिंह, सीओ सादाबाद