पंचायत गेटवे से भुगतान न कर नियम विरुद्ध 1.60 लाख रुपये का भुगतान करने के मामले में चार पंचायत सचिवों की अस्थाई वेतन वृद्धि रोक दी है। सभी पंचायत सचिवों को कठोर चेतावनी देते हुए संबंधित ग्राम प्रधानों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
शासन स्तर से ग्राम पंचायत भवनों में कंप्यूटरों से ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों के भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा में पाया गया कि ग्राम पंचायत रसगवां के ग्राम विकास अधिकारी अनीश खान ने 21 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच 17 हजार रुपये ट्रांजेक्शन पंचायत सचिवालय के कंप्यूटर से नहीं किए गए। कुकंरगवां व नगला मौजी में नागेश यादव ने 181098 रुपये के 12 लेनदेन अन्य किसी सिस्टम से किए। नगला भूरा में अमित कुमार ने 60600 रुपये का भुगतान पंचायत सचिवालय से नहीं किया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पैकवाड़ा के ग्राम पंचायत अधिकारी मुकेश पचौरी द्वारा 62450 रुपये का भुगतान किसी अन्य कंप्यूटर से किया। मामले में डीपीआरओ सुबोध जोशी ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों की अस्थाई वेतन वृद्धि रोक दी है।