दुष्कर्म के बाद किशोरी के गर्भपात की कोशिश, बिगड़ी हालत
मुरसान क्षेत्र के गांव में दो युवकों की करतूत, पुलिस ने तहरीर मिलने पर जांच पड़ताल की शुरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मुरसान क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों ने एक किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बना दिया। यहीं नहीं मामला खुलने पर इन युवकों ने अलीगढ़ के एक चिकित्सालय में किशोरी का गर्भपात कराने की कोशिश की। इससे किशोरी की भी हालत बिगड़ गई। शनिवार को यह मामला पुलिस पर पहुंचा।पुलिस ने किशोरी को जिला अस्पताल में दाखिल कराया। इस मामले में किशोरी के भाई ने थाने में तहरीर दी है। आरोपी चूंकि दूसरे समुदाय के हैं, ऐसे में गांव में घटना के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा का कहना है कि इस मामले में गुलफान व मीनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना मुरसान क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय एक किशोरी के साथ गांव के ही दो युवकों ने करीब 6-7 माह पहले दुष्कर्म किया। किशोरी अनुसूचित जाति से है जबकि यह दोनों युवक दूसरे समुदाय के हैं। उस समय किशोरी ने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया। 31 अक्तूबर को जब किशोरी एकाएक तबियत खराब हुई तब परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए। वहां पता चला कि किशोरी के पेट में छह माह का बच्चा है। पूछताछ में इस किशोरी ने अपने परिजनों को अपने साथ हुए दुष्कर्म की बात बताई। तब यह लोग आरोपियों के घर पहुंचे।
किशोरी के भाई का आरोप है कि इन दोनों आरोपियों ने उन्हें धमकियां दी और साथ ही उसकी बहन को अलीगढ़ के एक अस्पताल में गर्भपात कराने की कोशिश की। इससे उसकी हालत और बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर इन लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। 108 एंबुलेंस बुलाकर किशोरी को बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसके मृत बच्चा पैदा हुआ। पुलिस ने भी मौके पर जाकर पूछताछ की। इस मामले में पीड़िता के भाई ने तहरीर दी है। कोतवाली निरीक्षक का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।