मृतक आदित्य कुमार का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HASAYAN
संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
क्षेत्र के गांव बरसौली में फसल की रखवाली के लिए लगाए गए बाड़ा में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर के आधार पर खेत स्वामी सहित दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी की कोशिश में लगी हुई है। इधर, किशोर का शव गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया।
बरसौली निवासी राजू की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि बरसौली में गांव भैंकुरी के ही दो व्यक्तियों के खेत पट्टे पर है। खेत में शंकरकंदी की फसल की सुरक्षा के लिए सरकारी नलकूप पर लगे हुए परावर्तक से खेत के चारों तरफ बाड़ा लगाकर उसमें करंट प्रवाहित कर दिया है। करंट के चपेट में आने से उसके पुत्र आदित्य कुमार (15) की मौत हो गई।
सुनीता देवी ने बताया कि रविवार को आदित्य अपने चाचा जितेंद्र सिंह को खाना देने के लिए गया था। चाचा को खाना देने के बाद शंकरकदी के खेत में रखे हुए पानी पीने के लिए गया तभी आदित्य को नलकूप पर लगे हुए ट्रांसफार्मर से आ रहे विद्युत तार से हाथ छू जाने के दौरान आदित्य कुमार की मृत्यु हो गई। पुलिस ने भैंकुरी निवासी राकेश कुमार पुत्र द्वारिका प्रसाद व सुल्तान उर्फ राजवीर के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए घटना की छानबीन शुरू कर दी है।