हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव भेंकुरी में नहर में नहाते समय 13 वर्षीय कान्हा ठाकुर 11 जुलाई की शाम पांच बजे डूब गया। 12 जुलाई की सुबह उसका शव एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के गदेसरा-कोंडरी में नहर में मिला। पोस्टमार्टम के बाद शाम को किशोर का शव गांव में पहुंचा तो कोहराम मच गया।
गांव भेंकुरी निवासी विजय ठाकुर का इकलौता पुत्र कान्हा 11 जुलाई की शाम को करीब पांच बजे अपने गांव के ही दो दोस्तों के साथ रतिभानपुर मार्ग स्थित जरैरा नहर में स्नान करने गया था। कान्हा सिकंदराराऊ के एक शिक्षण संस्थान का छात्र है। कान्हा के पिता गांव भेंकुरी में परचून की दुकान चलाते हैं। कान्हा अपने परिवार में तीन बड़ी बहनों के बाद इकलौता बेटा था।
वह 11 जुलाई को नहर में स्नान करते वक्त पानी के तेज बहाव के चलते तेज बहाव के साथ बहता हुआ चला गया। इसकी जानकारी दोस्तों ने कान्हा के परिजनों को दी तो परिजनों ने कोतवाली व जरैरा चौकी पुलिस को सूचना दी। क्षेत्र के गोताखोरों की मदद से काफी देर तक किशोर की खोजबीन की गई मगर उसका कुछ पता नहीं चला।
किशोर का शव 12 जुलाई की सुबह एटा जनपद की अवागढ़ कोतवाली क्षेत्र के गदेसरा-कोंडरी की नहर में वहां के ग्रामीणों को उतराता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने अवागढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भिजवाया। 12 जुलाई को सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में छात्र के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड गई। कान्हा की तीन बहनों में दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अविवाहित है। गमगीन माहौल में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।