हाथरस। जिला अस्पताल के एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट का लाइसेंस निलंबित होने के बाद से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं। बीते 10 अक्तूबर से अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका है, जिससे रोजाना 30 से 40 मरीजों को बिना जांच कराए मायूस लौटना पड़ रहा है।
जरूरतमंद मरीज निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों पर महंगे दामों में अल्ट्रासाउंड कराने को मजबूर हैं, वहीं विशेषज्ञ के अभाव में टेक्निशियन ही एक्स-रे और सीटी स्कैन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पूर्व में जिला अस्पताल में प्रतिदिन 50 से 60 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जाते थे। मात्र एक रुपये में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल खुलने से पहले ही लाइन लग जाती थी। भीड़ की स्थिति यह रहती थी कि मरीजों को आगे की तिथि देनी पड़ती थीं। पिछले 37 दिनों से अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद होने से लोग निजी केंद्रों पर 600 से 1000 रुपये तक खर्च कर रहे हैं।
रेडियोलॉजिस्ट की गैरमौजूदगी में अस्पताल में प्रतिदिन होने वाले 120 से 140 एक्स-रे और 35 से 40 सीटी स्कैन टेक्निशियन के माध्यम से ही किए जा रहे हैं।
मेडिकोलीगल केस अलीगढ़ रेफर
विशेषज्ञ डॉक्टर यानी रेडियोलॉजिस्ट के न होने से एक्स-रे से जुड़े मेडिकोलीगल केस भी अटक गए हैं। जिले के विभिन्न थानों से रोजाना आने वाले दो से तीन ऐसे मामलों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी से जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर करना पड़ रहा है, जिससे पुलिस और पीड़ितों को दिक्कत हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
वर्ष 2023 में छेड़छाड़ के एक मामले में नाबालिग पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया था। आरोप है कि सभी दस्तावेज होने के बावजूद 16 वर्षीय किशोरी का गलत उम्र प्रमाणपत्र बनाते हुए उसे 18 वर्ष का दर्शा दिया गया। इस मामले में वर्ष 2024 में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष कुमार गुप्ता की शिकायत शासन स्तर पर की गई थी। जांच में दोषी पाए जाने पर मेडिकल कौंसिल ऑफ इंडिया ने अक्तूबर 2026 में उनका लाइसेंस छह माह के लिए निरस्त करते हुए प्रैक्टिस पर रोक लगा दी है।
कई दिनों से पेट की एक तरफ दर्द उठ रहा है। पेट का दर्द पीठ तक जाता है। पथरी की आशंका है। पिछले आठ में दिनों में दो बार आ चुका हूं, लेकिन यहां चिकित्सक अल्ट्रासाउंड नहीं लिख रहे। कह रहे हैं कि सेवा फिलहाल बंद है।
-अख्तर खान, बिजलीघर, सासनी
बेटी पिछले 15 दिनों से परेशान है। पेट में संक्रमण है। चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड के लिए कहा था। खर्च बचाने के लिए सासनी से यहां आए हैं, लेकिन यहां पता चला कि अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे। कोई बता भी नहीं रहा कि कब होगा।
-सुमन, सासनी
इस संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है। रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण अल्ट्रासाउंड का कार्य प्रभावित हो रहा है। जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था कर अल्ट्रासाउंड सेवाएं फिर से शुरू कराई जाएंगी।
-डॉ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस, जिला अस्पताल