नगला दुर्जिया में टीम पर हमला करता युवक। स्रोत : वीडियोग्रैब
- फोटो : Videograb
क्षेत्र के गांव नगला दुर्जिया में शुक्रवार को बिजली चोरी पकड़ने गई विद्युत निगम की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। एक कर्मचारी को चोट आई है। टीजीटू ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
टीजीटू वीरपाल ने बताया कि गांव नगला दुर्जिया में शुक्रवार को राजस्व वसूली शिविर लगाया गया था। टीम गांव में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से बिल जमा करने की अपील कर रही थी और बड़े बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई कर रही थी।
तहरीर के मुताबिक सुबह करीब 11:15 बजे टीम एक उपभोक्ता के परिसर पर पहुंची, जहां कथित रूप से बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने अवैध रूप से डाली गई केबल को खंभे से काट दिया। आरोप है कि इसके बाद संबंधित युवक नाराज हो गया और टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
विद्युत कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी घर से डंडा लेकर आया और टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान टीम के सदस्य भीम सिंह के हाथ में डंडा लगने से चोट आई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी।
तहरीर में आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज करने, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।