संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बाल अंतर्मन ई-पत्रिका से शिक्षक बच्चों के मन की बात जान सकेंगे। जेडी, डायट प्राचार्या और पत्रिका की संपादक टीम द्वारा ई-पत्रिका का विमोचन किया गया। यहां पर इस पत्रिका के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए इसके बारे में विस्तार से बताया गया। संपादक टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों का तुलसी का पौधा व मोमेंटो भेंटकर स्वागत किया।
ई-पत्रिका के मुख्य संपादक हेमंत कटारा ने ई-पत्रिका के उद्देश व महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसका विमोचन करते हुए जेडी डॉ. इंद्रप्रकाश सिंह सोलंकी ने कहा कि इस तरह के कार्य से बेसिक शिक्षा को नई ऊर्जा मिलेगी। अन्य अध्यापक भी इस ई-पत्रिका से प्रेरित होकर अपने बच्चों के साथ नित नवाचारी गतिविधियां करेंगे। डायट प्राचार्या डॉ. ऋचा गुप्ता ने कहा कि इस तरह के प्रयास से अलीगढ़ मंडल के बच्चों में सृजनात्मकता व क्रियात्मकता की भावना का विकास होगा।
डॉ. पूरन सिंह ने कहा कि यह ई-पुस्तक बच्चों की प्रतिभा को तराशने का कार्य करेगी। सभी अधिकारियों द्वारा संपादक टीम को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) डॉ. पूरन सिंह, वरिष्ठ संपादक रविकांत मिश्र, सह- संपादक डॉ. संजय गौतम, दीक्षा शर्मा, शिखा कौशिक, तरुण शर्मा, धर्मेंद्र उपाध्याय, अजीत राना, चंद्र प्रकाश राना, मनीष दीक्षित, मोहित सारस्वत, मदन गोपाल शर्मा आदि मौजूद थे।