बैठक में शामिल बेसिक शिक्षा के शिक्षक।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
मिशन प्रेरणा के तहत ब्लॉक संसाधन केंद्र, गंगचौली और हाथरस में ऑनलाइन शिक्षक प्रशिक्षण चल रहा है। यह प्रशिक्षण तीन मॉड्यूल ध्यानाकर्षण, शिक्षण संग्रह और आधारशिला पर आधारित है। साथ ही इसमें मिशन प्रेरणा के अंतर्गत प्रेरणा तालिका, प्रेरणा सूची और प्रेरणा तालिका को भी शिक्षकों को समझाया ही नहीं जा रहा, बल्कि उन्हें मन मस्तिष्क में उतारने पर भी जोर दिया जा रहा है।
हाथरस के खंड शिक्षा अधिकारी सुबोध पाठक ने बुधवार को प्रशिक्षण का जायजा लिया। एआरपी रमेश चौधरी ने प्रशिक्षण में शैक्षणिक जीवन यानी विद्यालयीय जीवन में शिक्षण संग्रह मॉड्यूल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों को कक्षा कक्ष में शिक्षण योजना और शिक्षक डायरी के साथ नियोजित तरीके से प्रभावी शिक्षण प्रक्रिया पर बल दिया। एआरपी रविकांत मिश्रा ने भाषाई दक्षताओं को अपनाने के लिए आधारशिला मॉड्यूल पर विस्तार से शिक्षकों से चर्चा की और उन्होंने प्रेरणा लक्ष्यों को मार्च 2022 तक हासिल करने पर भी जोर दिया।
एआरपी गिरीश शर्मा ने ध्यानाकर्षण मॉड्यूल के तहत छात्रों में निर्धारित अधिगम स्तर और छात्रों के द्वारा अर्जित अधिगम स्तर में अंतर लर्निंग गैप को पता लगाना एवं 50 कार्य दिवसीय ध्यानाकर्षण शिविर लगाकर लर्निंग गैप को दूर करने पर बल दिया। एआरपी हरेंद्रपाल सिंह ने आधारशिला मॉड्यूल्स के तहत गणितीय दक्षता पर आधारित विस्तार से चर्चा की। गणित विषय का प्रभावी शिक्षण कैसे कक्षा कक्ष में किया जाए, इस पर बल दिया। डायट मेंटर देवराज सिंह ने भी प्रशिक्षण की गुणवत्ता बीआरसी पर जाकर परखी।