पारिवारिक विवाद के चलते जेल जाने पर बीएसए ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विकास खंड हाथरस के प्राथमिक विद्यालय मौहारी में तैनात सहायक अध्यापक पारस कुमार सेंगर का अपने साले के साथ कोई पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसके चलते 16 जून को उन्हें जेल जाना पड़ा।
विद्यालय के प्रभारी अध्यापक तहजीब अली ने उसी दिन प्रार्थना-पत्र के जरिये खंड शिक्षा अधिकारी को इस मामले से अवगत कराया था। बीईओ हाथरस की रिपोर्ट के बाद बीएसए ने मामले का संज्ञान लिया। बीएसए रणवीर सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिक्षक पारस कुमार सेंगर को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है।
इस आधार पर निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सासनी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान आरोपी शिक्षक को खंड शिक्षा अधिकारी सासनी के कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे आरोपी शिक्षक के खिलाफ अलग से आरोपपत्र तैयार कर बीएसए कार्यालय से अनुमोदित कराने के बाद उन्हें सौंपना सुनिश्चित करें।