संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
लोगों के मोबाइल फोन में शिक्षक आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराएंगे। साथ ही वह इस आशय का प्रमाणपत्र भी देंगे कि उन्होंने खुद भी इस एप को डाउनलोड कर रखा है। इसे लेकर खंड शिक्षा अधिकारियों को बीएसए ने निर्देश दिए हैं।
बीएसए मनोज कुमार मिश्र द्वारा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि खंड शिक्षा अधिकारी सभी शिक्षकों, कर्मचारियों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप को इंस्टॉल कराकर इसके संबंध में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं कि उनके ब्लॉक के सभी शिक्षकों/कर्मचारियों द्वारा आरोग्य सेतु एप का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों व कर्मचारियों के माध्यम से आम जनमानस को आरोग्य सेतु एप का अधिक से अधिक इंस्टाल कर प्रयोग किए जाने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों से तीन दिन के अंदर वांछित प्रमाण पत्र मांगा है।