हाथरस जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में चल रही सहायक अध्यापक पद भर्ती के लिए काउंसिलिंग से वंचित अभ्यर्थी 6 जनवरी को बीएसए कार्यालय के बाहर फर्श पर बिछाकर धरने पर बैठ गए। अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग में नियमों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। मांगों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भी सौंपा।
इन दिनों बेसिक शिक्षा विभाग में रिक्त चल रहे सहायक अध्यापकों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। 5 जनवरी को शहर के रमनपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हुई थी। जिसमें हाथरस जनपद सहित प्रदेश के अन्य जिलों से आए लगभग 850 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। शुक्रवार को काउंसिलिंग से वंचित रहे अभ्यर्थी बीएसए कार्यालय पहुंचे। जहां इन लोगों ने काउंसिलिंग में नियमों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए बीएसए कार्यालय के बाहर फर्श बिछाकर धरना शुरु कर दिया और प्रदर्शन किया। इन अभ्यर्थियों का कहना था कि काउंसिलिंग में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। जिला आवेदित अभ्यर्थियों को प्रथम वरीयता नहीं दी जा रही है।
उनका आरोप था कि काउंसिलिंग में जिले के आवेदित अभ्यर्थियों को प्रथम वरीयता दी जानी चाहिए, लेकिन यहां 5 जनवरी को देररात तक हुई काउंसिलिंग में प्रदेश के अन्य जिलों से आए अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई गई। यह शासनादेश का उल्लंघन है। उनसे उनका हक छीना जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने कहा कि आखिर शासन के नियमों पालन क्यों नहीं किया जा रहा है। जिला आवेदित अभ्यर्थियों को पहली वरीयता दी जानी चाहिए। धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने बीएसए को दिए पत्र में कहा कि काउंसिलिंग प्रक्रिया को जनपद के आवेदित अभ्यार्थियों की अंतिम चयन सूची के अनुसार किया जाना था, जबकि 5 जनवरी को हुई काउंसलिंग में इसका पालन नहीं किया गया। इससे विपरीत 5 जनवरी को उत्तर प्रदेश के समस्त आवेदकों को काउंसिलिंग में शामिल किया गया। उनका हक छीना जा रहा है।
काउंसिलिंग में जिले के आवेदित अभ्यर्थियों को प्रथम वरीयता के आधार पर चयन सूची में सम्मिलित किया जाए। धरना देने वालों में विवेक रावत, कु. रूबी सिंह, राधा रावत, प्रीती, अंजली, शशि गौत, निशा चंदेल, शैलेंद्र कुमार, बल्देव सिंह, हरवीर सिंह, कन्हैयालाल, कुलदीप, ईश्वरचंद, अभिषेक चौधरी, धर्मपाल सिंह, चंद्र प्रकाश भारती, विमल कुमार, कु. शालिनी, शर्मा मोनिका, प्रीती वर्मा, दीपा अग्रवाल, पूजा वर्मा, सत्यवीर सिंह, आदेश कुमारी आदि उपस्थित रहे।