फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: क्रेडिट कार्ड पर पेनल्टी का डर दिखाकर ठगे 60 हजार

Sun, 21 Jun 2026 01:45 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
प्रतीकात्मक चित्र। - फोटो : Archive
विज्ञापन
सादाबाद के ग्राम सिथरापुर निवासी एक मेटल कारोबारी को साइबर ठग ने क्रेडिट कार्ड पर पेनल्टी का डर दिखाकर ठग लिया। ठगों ने उनके कार्ड से 60,203 रुपये खर्च कर दिए। बिल आने पर उनको ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने अब साइबर सेल में शिकायत की है।
विज्ञापन

सिथरापुर निवासी पीड़ित विनोद कुमार ने बताया कि उनका भारतीय स्टेट बैंक की बिसावर शाखा में खाता है। उन्होंने कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया था। बैंक ने खुद ही डाक से क्रेडिट कार्ड भेज दिया और तब से उन्होंने कभी उसका प्रयोग भी नहीं किया। नौ अप्रैल को विनोद के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई।
फोन करने वाले शातिर ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड बंद है, इसलिए दो हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। विनोद ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने कार्ड का प्रयोग ही नहीं किया। ठग ने कहा कि इसी वजह से जुर्माना देना होगा। विनोद ने कार्ड बंद करने के लिए कहा तो ठग ने ओटीपी मांगा। एक बार नहीं, बल्कि चार बार ओटीपी लिए।
विज्ञापन

इसके बाद मई में उन पर बैंक की ओर से कॉल आई और क्रेडिट कार्ड बिल देने के लिए कहा गया। 60203 रुपये का बिल आने की जानकारी पर उनके होश उड़ गए। विनोद के अनुसार उन्होंने सफाई दी, लेकिन बैंक उन पर भुगतान का दबाव बना रही है। इधर, विनोद ने ठग के नंबर पर कॉल की तो वह बंद आ रहा है। कोई रास्ता नजर न आने पर पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत की।
देरी होने पर नहीं दर्ज की शिकायत
पीड़ित ने साइबर सेल के 1930 पोर्टल पर शिकायत करने के लिए कॉल की, लेकिन दो महीने बीत जाने के कारण शिकायत दर्ज नहीं की गई। विनोद ने बताया कि फोन पर उन्हें नजदीकी थाने की सलाह दी गई है। इसके बाद साइबर सेल में शिकायत की।

ओटीपी न करें साझा, बैंक से संपर्क करें
साइबर सेल प्रभारी आशीष कुमार ने कहा कि बैंक कभी भी फोन पर क्रेडिट कार्ड चालू या बंद करने के लिए ओटीपी नहीं मांगता। यदि आपके पास भी ऐसी कोई कॉल आती है और जुर्माना आदि के नाम पर कोई डराता है तो बैंक से संपर्क करें। कोई ओटीपी मांगा जाए, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और कॉल काट दें। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें