फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तपती गर्मी में बिजली संकट से छूटे पसीने

Thu, 19 May 2016 11:58 PM IST
हाथरस/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
चामड़ गेट पर रखा ट्रांसफॉर्मर - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
विज्ञापन
हाथरस। अंधाधुंध बिजली कटौती से पूरा जिला गुरुवार को भी कराहता रहा। बुधवार की रात हुई तीन घंटे की कटौती के बाद गुरुवार को भी स्थानीय स्तर से जमकर कटौती की गई। लोगों को नहाने से लेकर पानी भरने तक मुश्किल पड़ गया। दहकती गर्मी में बिना कूलर-पंखों के लोगों का बुरा हाल हो गया। दिनभर लोग बिजली विभाग को कोसते रहे। 
विज्ञापन


220 केवी मीतई विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ ट्रांसमिशन वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को दिन में कंट्रोल ने कोई कटौती नहीं कराई, जिससे साफ है कि कटौती स्थानीय (वितरण) स्तर से ही की गई। शहर में सुबह से शाम तक 12 घंटे में सिर्फ पांच घंटे की आपूर्ति मिल पाई। इसी तरह बुधवार की रात भी शहरवासियों ने तीन घंटे का बिजली संकट झेला। इस कटौती से लोगों में विद्युत महकमे के प्रति आक्रोश गहरा गया है। टीटीजेड में आने वाले सादाबाद, मुरसान और सहपऊ में भी ओवरलोडिंग से बिजलीघर जवाब दे गए। टुकड़ों में फीडरों को आपूर्ति दी गई। अगर हालात नहीं सुधरे तो जनता बिजलीघरों से लेकर सड़कों पर प्रदर्शन करना शुरू कर देगी। इधर, जनप्रतिनिधियों ने भी बिजली की जनसमस्या से मुंह मोड़ लिया है। कोई भी जनप्रतिनिधि इस समस्या पर बोलने को तैयार नहीं हो रहा है।

फिर फुंका अलीगढ़ रोड का ट्रांसफॉर्मर
शहर में अलीगढ़ रोड पर नगर पालिका के निकट लगा 100 केवीए का ट्र्रांसफॉर्मर दो दिन में लगातार दूसरी बार फुंक गया। तेज धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर से गर्म तेल की बौछार हुई, जिससे कई लोग बाल-बाल बच गए। इससे अलीगढ़ रोड वासियों को पिछले तीन दिनों से बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। गुरुवार को भी इन इलाकों में सुबह साढ़े 10 बजे से देर शाम तक बिजली ठप रही। बढ़ रहा तापमान और ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर के फुंकने की वजह बताई जा रही है। जेई टीपी सिंह ने बताया कि अधिक तापमान और लोड अधिक पड़ने के कारण बार बार ट्रांसफॉर्मर फुंक रहा है। गुरूवार को फिर से नया ट्रांसफॉर्मर लगवा दिया गया है। 
विज्ञापन


बंच केबल में आग से 10 घंटे बिजली गुल 
कस्बा सादाबाद में मोहल्ला व्यापारियान में बुधवार की रात बंच केबल में आग लग गई। आग से रात को जहां तीन घंटे तक सप्लाई बाधित रही। वहीं गुरुवार को कस्बे में ट्रांसफॉर्मर नंबर एक, सात और आठ नंबर से जुड़े करीब एक दर्जन से अधिक इलाकों के लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम सात बजे तक बिजली कटौती की मार झेलने पड़ी, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति बेहद आक्रोश बना रहा। 

-गुरुवार को मुरादाबाद कंट्रोल रूम से न तो शहर में कटौती की गई और टीटीजेड इलाकों में वितरण स्तर से ही कटौती की गई है। 
-वीरेंद्र सिंह, एसडीओ, ट्रांसमिशन। 

इस तरह 11 घंटे ठप रही बिजली
रात को दो बजे बिजली ठप हो गई। दो घंटे बाद चार बजे सप्लाई बहाल हो गई। सुबह सात बजे फिर एक घंटे के लिए बिजली ठप हुई। आठ बजे चालू हुई बिजली सुबह साढ़े 10 बजे तक चालू रही। इसके बाद शाम साढ़े छह बजे तक बिजली नहीं रही। इस तरह एक अनुमान के मुताबिक खबर लिखने तक शहर के कई इलाके तकरीबन 11 घंटे का बिजली संकट झेल चुके थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें