हाथरस। डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने बुधवार को ब्लॉक हसायन के लोहिया ग्राम नगरिया पट्टी देवरी का दौरा किया। डीएम ने गांव में विकास एवं निर्माण कार्यों का मौके पर सत्यापन किया। डीएम ने विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में गांव के प्रेरक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और पंचायत सचिव को निलंबित करने के आदेश दिए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुसार लोहिया गांवों को सुदृढ़ और संपन्न बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विभागीय कार्यों को गुणवत्ता सहित पूरा करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। डीएम ने सीडीओ, एडीएम, पीडी और डीडीओ सहित समस्त एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारियों को माह अप्रैल में प्रत्येक दशा में सभी चयनित लोहिया ग्रामों का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। डीएम गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से भी रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनीं।
इन अफसरों पर गिरी गाज
विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में गांव के प्रेरक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और पंचायत सचिव को निलंबित करने के आदेश दिए। आशा एवं एएनएम का जवाब तलब करने के आदेश दिए। ग्रामीणों द्वारा स्वच्छ शौचालय निर्माण में शिकायत करने पर डीपीआरओ को चेतावनी जारी की और एडीओ पंचायत का स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए। गंाव में मनरेगा के तहत पर्याप्त काम नहीं कराने पर बीडीओ और एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए। पशु टीकाकरण में कोताही मिलने पर पशु चिकित्साधिकारी, पर्याप्त विद्युत की आपूर्ति नहीं होने पर अधिशासी अभियंता, एसडीओ विद्युत, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत के चेक नहीं वितरित करने पर तहसीलदार सिकंदराराऊ का स्पष्टीकरण तलब करने के सख्त आदेश दिए।
----
खुली बैठक में बनवाएं प्रस्ताव
डीएम ने जिले में सभी ग्राम पंचायतों की संपत्तियों का सत्यापन कर अभिलेखों में दर्ज करने के अलावा 14वें वित्त आयोग एवं चतुर्थ राज्य वित्त आयोग की धनराशि से ग्राम समाज की संपत्तियों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए ग्राम सभा की खुली बैठक में प्रस्ताव तैयार कराने के बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए।
चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं
डीएम जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ गांव के प्राइमरी विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे रूबरू हुए। उन्होंने लोहिया गांव में स्वच्छ शौचालय के निर्माण के साथ लाभार्थियों से इनका उपयोग करने के बारे में जानकारी ली। उनसे अपील की कि सुरक्षा और स्वच्छता की दृष्टि से स्वच्छ शौचालयों का इस्तेमाल करने को तवज्जो दें। उन्होंने लोहिया गांव में हैंडपंप, शौचालय, विद्युतीकरण, मनरेगा, सोलर लाइट, वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन, समाजवादी पेंशन आदि योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली।
स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र किए चेक
डीएम ने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्र के सुचारु संचालन और एएनएम और आशा कार्यकत्री द्वारा दी जा रही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में तस्दीक की। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय तथा जूनियर हाईस्कूल में अध्यापकों की समय से उपस्थिति, मिड-डे-मील, स्कूल ड्रेस वितरण आदि के बारे में छात्रों और ग्रामीणों से तस्दीक की। उन्होंने बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए किए जा रहे उपाय, समय से टीकाकरण एवं बच्चों का वजन आदि के बारे में आंगनबाड़ी कार्यकत्री से पूछताछ की।
सीडीओ ने दी योजनाओं की जानकारी
सीडीओ जावेद अख्तर जैदी ने गांव में लोहिया आवास, हैंडपंप, सोलर लाइट, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन और समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों के बारे में जानकारी दी।
एलईडी वैन से योजनाओं का प्रचार
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एलईडी वैन के जरिए शासन की जनकल्याणकारी नीतियों, निर्णयों तथा महत्वपूर्ण उपलब्धियों के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।
ये अफसर रहे मौजूद
एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा, सीडीओ जावेद अख्तर जैदी, सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह, एसडीएम एनपी पांडेय, परियोजना निदेशक चंद्रशेखर शुक्ला, डीपीआरओ जगदीशराम गौतम आदि अफसर थे।