संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते फसलों को हुए भारी नुकसान के मामले में कृषक समृद्धि आयोग सदस्य ऋषि कुमार जैसवाल ने तहसील सभागार में किसानों के साथ बैठक की। इस दौरान मुआवजा के संबंध में जरूरी चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि असमय हुई भारी बारिश के कारण किसानों की बाजरा, धान, दलहन, तिलहन की सैकड़ों बीघा फसल को भारी नुकसान हुआ है। बीमित किसानों की फसलों का सही सर्वेक्षण करके उचित मुआवजा दिलाने के अलावा अन्य किसानों की फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के संबंध में मांग की गई।
इस संबंध में कृषक समृद्धि आयोग उत्तर प्रदेश सरकार सदस्य ऋषि कुमार जैसवाल ने जेडी कृषि अलीगढ़ को जरूरी निर्देश दिए हैं। जिले के सभी ग्राम सचिवालय, ब्लॉक, तहसील स्तर पर अधिक से अधिक किसानों को नुकसान की जानकारी देने पर तुरंत मौके का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे किसानों को सभी प्रकार की मदद समय से मिल सके। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया है कि किसी तरह का कोई अनुचित कदम न उठाएं। इस कठिन समय का हम सब मिलकर सामना करेंगे। समाज के जिम्मेदार लोगों से उन्होंने किसानों को गोद लेकर उनका सहयोग करने की अपील की है।