संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सूअरों में फैले संक्रमण ने कस्बे के सूअर पालकों नगर पंचायत पशु चिकित्सा विभाग प्रशासन को अजीब मुश्किल में डाल दिया है। रक्त नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद पशुपालक और परेशान हो गए हैं। पशु चिकित्सा विभाग अफ्रीकन वायरस को बेहद खतरनाक और जानलेवा बता रहा है सोमवार को भी इस संक्रमण से आज 20 सूअरों की मौत हुई है।
करीब दो हफ्ते से कस्बे में लगातार सूअरों की मौत हो रही है ब्लड रिपोर्ट आने के बाद पता चला है कि सूअरों की मौत अफ्रीकन स्वाइन फीवर के चलते हो रही है। पशु चिकित्सा विभाग की माने तो यह बेहद खतरनाक और जानलेवा है। इसका अभी तक कोई उपचार नहीं है। ना ही कोई वैक्सीन तैयार की जा सकी है।
पशु चिकित्सा विभाग इस संक्रमण को रोकने के लिए सूअरों को एंटीबायोटिक दे रहा है। इसका प्रभाव भी सूअरों पर दिखाई नहीं दे रहा है। इससे पशु चिकित्सा विभाग बेहद मुश्किल में है। 60 से ज्यादा सूअरों को अब तक एंटीबायोटिक की डोज दी जा चुकी है। अधिशासी अधिकारी मणि सैनी ने बताया है कि सोमवार को भी 20 सूअरों की मौत अफ्रीकन स्वाइन फीवर के चलते हुई है।