कड़ी मेहनत और सही तैयारी ही जीत का असली रास्ता तय करती है, इस बात को सच कर दिखाया है गांव ककोड़ी निवासी होनहार एथलीट सुखवीर ने। सुखवीर ने प्रयागराज में आयोजित हुई यूपी स्टेट सीनियर चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार सफलता हासिल की है।
प्रयागराज में बीती सात और आठ मई को आयोजित हुई यूपी स्टेट सीनियर चैंपियनशिप में प्रदेश भर के धावकों ने हिस्सा लिया था। इस कड़ी प्रतियोगिता के 1500 मीटर दौड़ मुकाबले में सुखवीर ने अपनी रफ्तार का दम दिखाते हुए सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र और परिवार में खुशी का माहौल है।
राज्य स्तर पर अपनी कामयाबी की चमक बिखेरने के बाद सुखवीर के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने बताया कि इस समय उनका पूरा ध्यान अक्तूबर में होने वाली नेशनल खेल प्रतियोगिता पर है। नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने के लिए वे मैदान पर पसीना बहा रहे हैं और सुबह-शाम कड़ी ट्रेनिंग ले रहे हैं। एथलीट सुखवीर ने बताया कि तैयारी से ही जीत हासिल होती है। अगर हमारी तैयारी पुख्ता है, तो मैदान पर कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं है। उनका अंतिम सपना इंटरनेशनल एथलेटिक्स में भारत की जर्सी पहनकर देश के लिए मेडल जीतना है। संवाद