खड़ंजा एवं नाली निर्माण का निरीक्षण करते एसडीएम विजय शर्मा एवं पीडी एके मिश्रा।
- फोटो : SASNI
संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
उप जिलाधिकारी विजय शर्मा एवं प्रभारी खंड विकास अधिकारी परियोजना निदेशक एके मिश्रा ने संयुक्त रूप से चार ग्राम पंचायताें में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत जसराना में पंचायत घर के विवाद का निस्तारण कर ग्राम प्रधान को ले आउट तैयार करने के निर्देश दिए, जबकि ग्राम पंचायत सहजपुरा में चल रहे पंचायत घर के निर्माण में ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करने पर नाराजगी जताई।
दोनों अधिकारियों ने ठेकेदार को हिदायत दी कि यदि कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो उनके सभी टेंडर निरस्त कर जमानत की धनराशि जब्त कर ली जाएगी। जेई आरईएस और पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि प्रत्येक दिन कार्य की गुणवत्ता में सुधार कराके रिपोर्ट प्रस्तुत करें। ग्राम पंचायत विघैपुर में अधूरे पडे़ 22 मीटर निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।
दोनों अधिकारी क्षेत्र की ग्राम पंचायत देदामई, जसराना, सहजपुरा, विघैपुर और बिजाहरी में पांचवें और 15वें वित्त आयोग से कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए पहुंचे थे। निरीक्षण में अधिकांश ग्राम पंचायतों में कार्य की गुणवत्ता पर अधिकारियों ने सवाल उठाए।
ग्राम पंचायत जसराना में पंचायत घर के स्थल के विवाद को भी अधिकारियों ने निपटाया। अधिकारियों ने पंचायतों में मनरेगा एवं वित्त आयोग की धनराशि से चल रहे इंटरलॉकिंग, गोशाला, जल निकासी एवं नाली निर्माण का कार्य का जायजा लिया। इस मौके पर जेई राकेश शर्मा के अलावा पंचायत सचिव एवं लेखपाल मौजूद थे।