टीम ने कराया दवा का छिड़काव हाथरस। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनजीत सिंह के निर्देशन में सोमवार को मलेरिया विभाग की टीम ने शहर के अलीगढ़ रोड स्थित नवल नगर कॉलोनी और सासनी क्षेत्र के गांव समामई में मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया। टीम ने शहर से लगे नंदराम नगरिया व सादाबाद ब्लॉक के गांव नगरिया में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया और फॉगिंग कराई। टीम में एमआई सुनील कुमार शर्मा, एमआई पूजा गुप्ता, एमआईएफडब्ल्यू अनंत कुमार, एसएफडब्ल्यू रामकुमार, बीएचडब्ल्यू आकाश कौशिक शामिल रहे।
जिले में डेंगू से कोई मौत नहीं : सीएमओ
हाथरस जिले में एक तरफ डेंगू और मलेरिया पीडि़तों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन राहत की बात यह है कि अभी तक जिले में डेंगू से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में अभी तक डेंगू के 18 व मलेरिया के 12 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर मरीजों को दवा दी जा रही है और बुखार के संदिग्ध मरीजों के खून के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि वह अपने घर और आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें। किसी प्रकार का पानी जमा नहीं होने दें। अगर कहीं पानी जमा है तो उसे तुरंत साफ कर दें। स्वास्थ्य संबंधी छोटी-छोटी परेशानी होने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सक से संपर्क करें।