बागला इंटर कॉलेज के कक्षा 12 के दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। एक छात्र ने कॉलेज के बाहर अपने साथियों को बुला लिया और जिस छात्र से उसका विवाद हुआ था, उसे पीटने लगे। इस दौरान हंगामा मच गया और पुलिस को आता देख मारपीट कर रहे छात्र फरार हो गए। आरोपी छात्र को 15 दिन के लिए कॉलेज से निलंबित कर दिया गया है।
घटना शनिवार दोपहर की है। बागला इंटर कॉलेज के दो छात्रों के बीच कक्षा में विवाद हो गया था। छुट्टी के बाद कॉलेज के बाहर एक छात्र ने दूसरे को पकड़ लिया और अपने साथियों के साथ मिलकर उसे पीटने लगा। कॉलेज प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। इस दौरान किसी ने पुलिस को देखकर भाग रहे हमलावर छात्रों की वीडियो भी बना ली। मारपीट के शिकार हुए छात्र ने कोतवाली हाथरस गेट पर घटना की तहरीर दी। बाद में दोनों छात्रों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। काॅलेज के प्रधानाचार्य डा. राजेश कुमार शुक्ल का कहना है कि मारपीट करने वाले छात्र को पंद्रह दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है।