हाथरस। भाजपा के बैनीराम बाग स्थित जिला कार्यालय पर हंगामेदार बैठक हुई। सहारनपुर के विधायक व भाजपा जिला चुनाव प्रभारी राजीव गुंबर व सह चुनाव प्रभारी भाजपा ब्रज क्षेत्र के महामंत्री डॉ. देवेंद्र शर्मा शामिल हुए। दोनों ही चुनाव अधिकारियों के समक्ष पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के लिए भाजपा का समर्थन लेकर चुनाव मैदान में उतरे कुछ प्रत्याशियों ने जिला नेतृत्व द्वारा उनका चुनाव में सहयोग नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया।
एक प्रत्याशी का तो यहां तक कहना था कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी हो रही थी, लेकिन बार-बार फोन करने के बाद भी किसी पार्टी पदाधिकारी ने मौके तक पहुंचने की जहमत नहीं उठाई। जिला नेतृत्व पर आरोप लगाने के दौरान बैठक में कई बार हंगामा भी हुआ। वार्ड संख्या 15 से जिला पंचायत सदस्य के भाजपा समर्थित प्रत्याशी छीतरमल का आरोप था कि चुनाव में किसी भाजपाई ने उनका समर्थन नहीं किया। उन्हें चुनाव में जितने भी वोट मिले, वह उनकी ही मेहनत से मिले थे। पंचायत चुनाव की समीक्षा करने के बाद राजीव गुंबर ने जिला कार्यालय के एक कमरे में सभी भाजपाइयों से जिलाध्यक्ष के संबंध में अलग-अलग एक-एक कर बात की। कई भाजपा नेताओं ने जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी भी चुनाव प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत की। सभी की पृ्ष्ठभूमि की जानकारी भी प्रभारियों ने ली। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राना, पूर्व सांसद बंगाली सिंह, जिला महामंत्री गौरव आर्य, कुसुमा देवी मदनावत, मास्टर सत्यपाल सिंह, पंकज मदनावत, देव चंद गौड़, सुनीत आर्य, मोहन पंडित, सुभाष सेंगर, अखिलेश गुप्ता, नंदिनी देवी, अशोक अग्रवाल, सुनील गौतम, लवकुश शर्मा, संजय शर्मा, सुनीत जैन, मूल चंद्र वाष्र्णेय सहित काफी भाजपाई मौजूद थे।