कोतवाली के सामने मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी में शनिवार को एक मकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट के बाद बवाल हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। कब्जे वाले मकान को आग लगा दी गई। एक घंटे तक वहां अफरातफरी का माहौल रहा। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार दोपहर को अचानक नौरंगाबाद मोहल्ले की गली से मारो-मारो की आवाजें गूंजी और पास से गुजर रहे जीटी रोड पर भगदड़ मच गई। मोहल्ले से आग का धुआं उठ रहा था। यह देखकर पुलिस के हाथपांव फूल गए। मौके पर जाकर देखा कि एक मकान के आंगन में लगा छप्पर और तिरपाल को जला दया गया था।
दोनों पक्षों की महिलाएं और पुरुषों के बीच जमकर लाठी-डंडे चल रहे थे। पुलिस ने लाठी फटकारकर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। बताते हैं कि जिला पंचायत सदस्य विजेंद्र सिंह ने हाल ही में एक मकान का बैनामा कराया था। इसी को खाली कराने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में राममूर्ति, बच्चन की पत्नी, राजाराम, विजेंद्र समेत पांच लोग घायल हो गए।
इस मामले में एक पक्ष से राममूर्ति पत्नी राजाराम ने विजेंद्र, कलुआ, बबलू, केदारीलाल, गंठा समेत आठ-दस अज्ञात के खिलाफ तथा दूसरे पक्ष से विजेंद्र ने राजाराम, बच्चन, लालाराम, रामभरोसे, भूप्रकाश, अजय आदि के मुकदमा दर्ज कराया है। आगजनी को लेकर दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
एसएसआई विपिन कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब हालात हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
वहीं आगरा रोड पर एक वेल्डिंग की दुकान के पास खड़ी बाइक में जोरों से आग लग गई। यह आग वेल्डिंग से निकली चिंगारी के बाइक की टंकी से रिस रहे पेट्रोल के संपर्क में आने से लगी। वाईक में लगी आग को भड़कते देख भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ लोग आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। कुछ देर बाद लोगों ने आग पर काबू पा लिया।
हालांकि आग से बाइक को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले घंटाघर पर भी गैस सिलेंडर रिफिल करने के दौरान भड़की आग में पंाच दुकाने जल गई थीं। बाइक के आग की चपेट में आने के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। सदर कोतवाल मनेाज शर्मा का कहना है कि उन्हें इस बारे में सूचना नहीं दी गई है। इस संबंध में पता कराकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।