मुरसान के एक गांव में बाहरी लोगों के आने की सूचना पर जांच को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
लॉकडाउन में सीमा सील होने के बाद भी जिले में लोगों के आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार रात हाथरस ब्लॉक के एक गांव में दो लोग पहुंचे तो उन्हीं के परिजनों ने इन लोगों को अंदर घुसने नहीं दिया। इस कारण इन लोगों को रात्रि में परिषदीय विद्यालय खुलवाकर रुकवाया। सोमवार सुबह इन लोगों को क्वारंटीन सेंटर में भिजवाया गया।
जिले के गांवों में लॉकडाउन के दौरान तमाम लोग बाहरी जिलों व प्रदेश से आए। इन लोगों को होम क्वारंटीन किया गया। जिले की सीमा सील होने के बाद आए लोगों को क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया। अब कोरोना को लेकर खुद लोग इतने सजग हो गए हैं कि गांव व शहरी क्षेत्र में अन्य प्रदेशों व जिलों से आते ही लोगों के बारे में कंट्रोल रूम को पहुंच जाती है। वहीं रविवार रात हाथरस ब्लॉक के एक गांव में दो लोग बाहरी जिले से आए। इन लोगों ने रात्रि में घर का दरवाजा खटखटाया तो इन लोगों के परिजनों ने घर में अंदर प्रवेश से रोक दिया और कंट्रोल रूम पर सूचना दे दी।
परिजनों ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि उनके परिवार में दो लोग अन्य जिले से आए हैं। इस सूचना पर तत्काल एडीओ पंचायत व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों लोगों को गांव के ही परिषदीय विद्यालय में रात्रि में रुकवाया। सुबह इन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर क्वारंटीन कराया गया। वहीं एक गांव में 4 लोगों के बाहर से आने की सूचना मिली। इन लोगों को भी क्वारंटीन रखवा दिया गया है।
लॉकडाउन के चलते बंदर वन गली के लोगों ने बाहरी लोगों के आगमन पर लगाई रोक।- फोटो : HATHRAS