संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोतवाली के गांव सराय में सोमवार की शाम एक मकान पर कब्जा को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चढ़ाई कर दिया। इस दौरान जमकर पथराव हुआ और लाठी डंडे चले। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गांव निवासी शीलेंद्र पुत्र कृपाल सिंह ने कोतवाली में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि गांव में प्रार्थी के मामा चुन्नी सिंह एक मकान में कई वर्षों से रह रहे हैं। मकान पर गांव के चुन्नी लाल पुत्र गुलाब सिंह, सुनील, अनिल, सुधीर पुत्र चुन्नी लाल, अजय, योगेश कुमार, सुरेश कुमार, संदीप व बाहर से बुलाए लोगों ने धावा बोल दिया। इन सभी के हाथों में लाठी-डंडे थे। मकान पर कब्जा करने की नीयत से मकान की दीवारें तोड़ दी। घर का सामान तोड़ कर खेतों में फेंक दिया। इसका विरोध किया तो मुझे तथा मामा मामी को पीट कर घायल कर दिया। इसके बाद कुछ महिलाओं ने आकर ईंटों से पथराव किया जिससे भगदड़ मच गई। हम लोग जान बचा कर खेतों की तरफ भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कई को गिरफ्तार कर लिया। विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी।