मुरसान ब्लॉक में मनरेगा की हालत खराब
सीडीओ ने एपीओ मनरेगा को थमाया नोटिस
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। ब्लॉक मुरसान में मनरेगा की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। इसका खुलासा सीडीओ आरबी भास्कर के निरीक्षण में सामने आया है। मनरेगा में लक्ष्य के सापेक्ष मानव दिवस सृजित नहीं पाए गए। एपीओ मनरेगा गैरहाजिर मिलीं, जो 12 बजे उपस्थित हुईं। इन मामलों में सीडीओ ने एपीओ मनरेगा को नोटिस जारी कर दिया है और कार्य में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने ब्लॉक मुरसान का निरीक्षण किया। एपीओ मुरसान गैरहाजिर मिलीं। एपीओ 12 बजे कार्यालय में उपस्थित हुईं। मनरेगा की समीक्षा की। समीक्षा में पता चला कि चार ग्राम पंचायतों में सात कार्यों के मस्टरोल निकालने के लिए मांग की गई थी, लेकिन पांच सितंबर तक नहीं निकाले गए। दो कार्यों की वर्क आईडी जनरेट करने के लिए कई दिनों से लंबित हैं। माह जून, जुलाई और अगस्त तक के लक्षित मानव दिवस के सापेक्ष सृजित नहीं किए गए हैं, जबकि अगस्त तक 50 हजार मानव दिवस सृजित किए जाने थे, लेकिन लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति नहीं मिली।
नोटिस में कहा गया है कि विलंबित भुगतान, अपूर्ण कार्यों समय से पूर्ण नहीं करना, तालाबों का जीर्णोद्धार एवं मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम की प्रगति का अनुश्रवण नहीं किया जा रहा है। इन मामलों में लापरवाही बरतने पर सीडीओ ने एपीओ मनरेगा रेनू मौर्य को नोटिस जारी किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सितंबर माह में प्रगति में सुधार नहीं आने की दशा में संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।