शहर के फुटवियर बाजार में इन दिनों सितारों (स्टोन व सीक्विन) से सजी जूतियां और सैंडल महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं। शादी-विवाह, तीज-त्योहार और अन्य पारिवारिक आयोजनों के चलते इनकी बिक्री में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
बाजार में गोल्डन, सिल्वर, रोज गोल्ड और मल्टीकलर डिजाइन सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पहले महिलाएं सादी जूती और सैंडल ज्यादा खरीदती थीं, लेकिन अब चमकदार स्टोन, सीक्विन और मोतियों से सजी फुटवियर की मांग तेजी से बढ़ी है।
इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि ये लगभग हर तरह के पार्टी वियर, सूट, लहंगा, साड़ी और इंडो-वेस्टर्न ड्रेस के साथ आसानी से मैच हो जाती हैं। शहर के जूता कारोबारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में सितारों वाली जूतियों की मांग करीब 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ी है। युवतियों के साथ-साथ महिलाएं भी शादी और त्योहारों के लिए ऐसे डिजाइन पसंद कर रही हैं। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए दुकानों पर नए-नए डिजाइन मंगाए जा रहे हैं।
फुटवियर विक्रेता बंटू लाला का कहना है कि हल्के वजन वाली कुशन सोल जूतियां और सैंडल सबसे ज्यादा बिक रही हैं। महिलाएं अब केवल डिजाइन ही नहीं, बल्कि आराम का भी ध्यान रख रही हैं। ऐसे में निर्माता भी आकर्षक लुक के साथ आरामदायक फुटवियर बाजार में उतार रहे हैं।
बाजार में इन जूतियों और सैंडल की कीमत डिजाइन और गुणवत्ता के अनुसार 400 रुपये से शुरू होकर करीब एक हजार रुपये तक है। खास डिजाइन और हैंडवर्क वाली फुटवियर की कीमत इससे अधिक भी हो सकती है। दुकानदारों के अनुसार रक्षाबंधन, तीज और आगामी शादी सीजन को देखते हुए मांग में और तेजी आने की उम्मीद है।
मिरर वर्क व पर्ल डिजायन का भी ट्रेंड
इस समय मिरर वर्क, स्टोन वर्क, सीक्विन और पर्ल डिजाइन वाली जूतियां ट्रेंड में हैं। यही कारण है कि महिलाएं एक ही जोड़ी फुटवियर को अलग-अलग परिधानों के साथ पहनना पसंद कर रही हैं, जिससे इनकी खरीदारी भी बढ़ी है।